कोटद्वार। नगर पालिका परिषद की ओर से जौनपुर में कराए जा रहे सड़क निर्माण के लिए जेसीबी से पुरानी सड़क उखाड़ी जा रही है। सड़क उखाड़ने के दौरान कई स्थानों पर पेयजल पाइप लाइनें टूट गई हैं। इससे सड़क पर जगह-जगह पानी जमा हो गया है और लोगों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है।
जौनपुर निवासी सूरज कुमार, पान सिंह, लीला देवी, सुनीता देवी, माधवी देवी व शांति देवी ने बताया कि पालिका द्वारा पुरानी सड़क को जेसीबी से तुड़वा जा रहा है। सड़क निर्माण कार्य के दौरान पुरानी सड़क के नीचे बनी पेयजल पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे सड़क पर पानी जमा होना शुरू हो गया है। पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त होने से लगभग 70 परिवारों तक पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। मोहल्लावासियों ने पालिका के ठेकेदार पर निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों को दुरुस्त करने की मांग की है। पालिका अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट का कहना है कि संबंधित ठेकेदार को पेयजल पाइप लाइनें दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। शीघ्र ही क्षतिग्रस्त पेयजल पाइप लाइनें ठीक करा दी जाएंगी।
-फोटो