कोटद्वार। गत 03/04 अगस्त की रात बादल फटने के बाद मची तबाही से प्रभावित परिवारों की संख्या एक हजार के पार पहुंच गई है। जिला प्रशासन अब तक 1056 परिवारों को अहैतुक सहायता के रूप से प्रति परिवार 3800 रुपये बांट चुका है। राजस्व कर्मी हर गांव में पहुंचकर सर्वे कार्य में जुटे हैं। अभी केवल आपदा से सीधे प्रभावित परिवारों को ही राहत दी जा रही है। इसके बाद आवासीय भवन, पशु, गोशाला और खेत खलिहानों के नुकसान का मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
जिले के आपदा प्रभारी एडीएम रामजी शरण शर्मा ने बताया कि पनियाली गदेरे को पहले ही चेनलाइज किया जा चुका है। बताया कि कोटद्वार तहसील के करीब 40 गांव आपदा से प्रभावित हुए हैं, जिसमें आपदा प्रभावितों की संख्या एक हजार के पार हो चुकी है। अभी तक प्रशासन का फोकस मलबा आने से उन प्रभावितों पर रहा है, जिनके बिस्तर और खाने पीने का सामान बर्बाद हुआ है। उन्हें 3800 रुपये प्रति परिवार की दर से अहैतुक सहायता बांटी गई है। 1056 आपदा प्रभावित परिवारों को शुक्रवार शाम तक 40 लाख 12 हजार 800 रुपये की धनराशि बांट दी गई है। बताया कि बृहस्पतिवार की रात जंगलों से उदयरामपुर गांव में पानी घुस गया था, जिससे कोई नुकसान नहीं हुआ है। पनियाली गदेरे को चेनलाइज कर दिया गया है ताकि नदी से बाढ़ का मलबा और पानी आबादी में न घुस सके।