कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के अंतर्गत निंबूचौड़ के पास घमंडपुर में एक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को गंभीर हालत में बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चिकित्सालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जीजीआईसी घमंडपुर में कार्यरत महिला कर्मी कुसुम देवी (44) पत्नी दलबीर सिंह बृहस्पतिवार सुबह बच्चे को स्कूल छोड़ने के लिए दुर्गापुर जा रही थी। इस दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे एक बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आ गई। स्थानीय निवासी सूरज थपलियाल ने बताया कि घटनास्थल के समीप स्कूल होने के साथ ही घमंडपुर का संपर्क मार्ग भी है, जहां क्षेत्रवासी लंबे समय से स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। आए दिन यहां पर हादसे हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने जनहित में स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है।