कोटद्वार। कोटद्वार शहर में लावारिस और पागल कुत्तों की दहशत बनी है। आवारा और पागल कुत्ते छोटे बच्चों और गली मोहल्लों से गुजरने वाले लोगों को जख्मी कर रहे हैं। तीन दिन में करीब 25 लोगों को आवारा और पागल कुत्ते काटकर घायल कर चुके हैं। स्कूली बच्चों और राहगीरों को सबसे ज्यादा खतरा बना है।
बृहस्पतिवार को राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में लावारिस कुत्तों के काटने से घायल हुए करीब छह लोग पहुंचे। भुक्तभोगी निंबूचौड़ निवासी राजीव काला, कालाबड़ निवासी पार्थ रावत, कुंभीचौड़ निवासी अदिति नेगी, पटेल मार्ग निवासी फरहाज ने बताया कि शहर की गलियों में लावारिस और पागल कुत्तों का जमघट लगा रहता है। जैसे ही वे लोग घर से पैदल बाजार की ओर निकल रहे थे, अचानक कुत्ते ने उन्हें काट लिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार बुधवार को आठ लोग और मंगलवार को सात लोग कुत्ते के काटने के कारण अस्पताल इंजेक्शन लगवाने पहुंचे।
शहर में आवारा कुत्तों के काटने से जख्मी हुए लोगों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। तीन दिन में करीब 25 मरीज अस्पताल पहुंचे हैं, जिन्हें उपचार दिया जा रहा है। अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
-डा. आईएस सामंत, सीएमएस राजकीय संयुक्त चिकित्सालय कोटद्वार।.