कोटद्वार। बच्ची से दुष्कर्म की घटना से गुस्साए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को तहसील में प्रदर्शन करते हुए पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने गढ़वाल मंडल में बाहरी लोगों द्वारा घटित अपराध पर चिंता जताते हुए उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। कहा कि कोटद्वार समेत पूरे गढ़वाल में यूपी के बिजनौर जिले से बड़ी संख्या में लोग रोजगार के लिए आ रहे हैं। इनके बीच कई अराजक और आपराधिक तत्व भी अपनी पहचान छिपाकर रह रहे हैं। हाल के महीनों में गढ़वाल में घटित कई घटनाएं इसका प्रमाण हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो गढ़वाल का माहौल खराब होगा। एबीवीपी ने कोटद्वार पिछले दिनों एक धर्मस्थल पर फेंके गए मांस की घटनाओं की भी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी रियाजुद्दीन भी बिना सत्यापन के कोटद्वार में रह रहा था। प्रदर्शन में परिषद के गढ़वाल संयोजक सौरव नौड़ियाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी गौरव जोशी, जिला संयोजक शांतनु थपलियाल, रजनीश बेबनी, शुभम कंडवाल, मोहित कंडवाल, शुभम सुंद्रियाल आदि शामिल हुए।