कोटद्वार। शादी समारोह में पिस्टल से गोली चलने के मामले के आरोपी दिल्ली पुलिस के एएसआई अनिल द्विवेदी को न्यायालय ने 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया है। गोली लगने से शादी में दो लोग घायल हो गए थे। जिसमें से एक गंभीर घायल का देहरादून हायर सेंटर में उपचार चल रहा है।
देवीरोड स्थित एक बारातघर में शादी समारोह में पिस्टल से गोली चलने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दिल्ली पुलिस के एएसआई अनिल द्विवेदी को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी एएसआई को मंगलवार को एसीजेएम कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे चौदह दिन की न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेजने के आदेश पुलिस को मिले हैं। इस मामले की जांच उपनिरीक्षक रवींद्र सिंह नेगी को सौंपी गई है। बताया कि अभी तक पिस्टल की बरामदगी नहीं हो सकी है। उधर, गोली लगने से गंभीर घायल अनिल भारद्वाज का देहरादून के हायर सेंटर में उपचार चल रहा है। अनिल की मां की ओर से एएसआई अनिल द्विवेदी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट कराई गई है।