यमकेश्वर। यमकेश्वर ब्लाक में विगत चार दिनों से बीएसएनएल की सेवाएं बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इंटरनेट नहीं चलने से तहसील यमकेश्वर तथा ब्लाक मुख्यालय में कामकाज ठप हो गया है, जिसके कारण लोगो के स्थाई, जाति, पर्वतीय, आय, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहे हैं।
ग्रामीण सुनील सिंह, प्रदीप सिंह, विनय कुमार, संदीप सिंह, सुभाष कुमार, दीपक कुमार ने बीएसएनएल के अधिकारियों पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि चार दिन से इंटरनेट सेवा बाधित होने के कारण लोग परेशान हैं। लोग दूर दराज से कई किमी. दूर से प्रमाणपत्रों को बनाने के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन नेट फेल होने के कारण उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। जिसमें लोगों को शारीरिक और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। क्षेत्र में आए दिन बीएसएनएल की सेवाएं बाधित होती रहती है। बार बार शिकायत के बाद भी विभाग स्थाई समाधान नहीं कर रहा है। उन्होंने शीघ्र समस्या का समाधान नहीं होने पर कोटद्वार एसडीओ कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी।
उधर, बीएसएनएल के एसडीओ आरके कुकरेती ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है, क्षेत्र में नकेक्टीविटी के उपाय किए जा रहे हैं।