कोटद्वार। क्षेत्र में आई आपदा के राहत कार्यों में सुस्ती अपनाने और प्रभावितों को उचित मुआवजा नहीं दिए जाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने उपजिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर आपदा प्रभावितों की सुध लेने की मांग की।
मंगलवार को पूर्व सभासद गुड्डू चौहान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता तहसील में एकत्र हुए। उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर वक्ताओं ने सरकार पर आपदा प्रभावितों की अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि कोटद्वार में आई आपदा में जो जनहानि हुई है, उसकी भरपाई के लिए प्रदेश सरकार द्वारा उचित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। नगर और आसपास के क्षेत्रों में मलबा उठाने का कार्य कछुआ गति से चल रहा है। इसका खामियाजा प्रभावितों सहित आम जनता को भी भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने आपदा में मृतक आश्रितों को 15 लाख रुपये प्रति व्यक्ति दिए जाने, घायलों को 10 लाख रुपये प्रति दिए जाने, प्रभावितों को आठ रुपये लाख प्रति परिवार नगर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के सुधारीकरण के लिए 25 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाने और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के किसानों का बैंक कर्जा माफ किए जाने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य हेमचंद्र पंवार, प्रमोद राणा, विनोद भट्ट, मनोज कुमार, शहनाज शमशी, कमला शाह, कृष्ण कुमार, किशन सिंह पंवार, अनुज भट्ट, दीपेंद्र सिंह रावत, मंगल सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे।
-फोटो
नदी में बहे व्यक्ति का चौथे दिन भी नहीं लगा पता
सतपुली। पश्चिमी नयार नदी को पार करते समय शनिवार को बहे पूर्व सैनिक का चौथे दिन भी कुछ पता नहीं चल पाया है। एसडीआरएफ की टीम ने दुर्घटनास्थल से 30 किमी आगे व्यास घाट तक नदी में बहे व्यक्ति की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं लग पाया है। एकेश्वर ब्लाक के ग्राम नौगांव कफोला निवासी अवकाश प्राप्त पूर्व सैनिक मदन मोहन पोखरियाल रिश्तेदार के पास कल्जीखाल प्रखंड के सरासू गांव जा रहे थे। इस दौरान बौंसाल के निकट झैडी तोक में पश्चिमी नयार नदी को पार करते समय वह नदी के तेज बहाव में बह गए थे, तब से उनका कुछ पता नहीं लग पाया है।