कोटद्वार। नाले पर अतिक्रमण के कारण बरसाती पानी के जलभराव से परेशान बलभद्रपुर के ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कोटद्वार-भाबर मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर नाले से अतिक्रमण हटाने की मांग की।
बुधवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य रविंद्र बिष्ट के नेतृत्व में बलभद्रपुर के ग्रामीण कोटद्वार-भाबर रोड पर एकत्र हुए। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब आधा घंटा जाम लगाने के बाद तहसीलदार मौके पर पहुंचे। इससे उन्हें ग्रामीणों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने उन्हें अपनी समस्या के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य रविंद्र बिष्ट ने प्रशासन पर गांव की उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि पिछले दो वर्षों से लगातार नाले पर अतिक्रमण और उसके कारण ध्रुवपुर, लालपुर, पदमपुर और शिब्बूनगर का बरसाती पानी ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर नौ और दस के लोगों के घरों में घुसने की शिकायत की जा रही है। गत वर्ष तहसीलदार, पटवारी और सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा मौके पर जांच कर इसकी रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को सौंप दी गई थी। रिपोर्ट में राजस्व नक्शे के अनुसार बरसाती नाले पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किए जाने की पुष्टि की गई थी, लेकिन उसके बाद भी प्रशासन अतिक्रमण हटाने को तैयार नहीं है। इसके कारण ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ रोष है। उन्होंने शीघ्र नाले से अतिक्रमण नहीं हटाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
इस अवसर पर सुनीता देवी, जगमोहन गुसाईं, सुरेश अंथवाल, श्याम सिंह बिष्ट, संगीता रावत, निर्मला मैंदोला, मुन्नी देवी, रेणू रावत, मोहन सिंह, विजय बलोदी, रामेश्वरी देवी, पूरणचंद्र बडोला, रजनी गुसाईं व नरेंद्र रावत आदि मौजूद थे।
-फोटो