कोटद्वार। जलसंस्थान की लापरवाहीपूर्ण कार्यप्रणाली के चलते सुखरो पट्टी की चार ग्राम पंचायतों के लोग पानी के लिए भटक रहे हैं। विभाग ने देवी मंदिर स्थित ट्यूबवेल से निकलने वाली मुख्य पेयजल लाइन का वाल्व निकाल दिया है, जिसके कारण पिछले दो दिनों से हजारों लोग पानी के लिए भटक रहे हैं।
देवी मंदिर स्थित विभाग के मुख्य ट्यूबवेल से ग्राम पंचायत बालासौड़, हरिसिंहपुर, कौड़िया व पदमपुर में पेयजल सप्लाई होता है। विभाग ने दो दिन पहले मुख्य पेयजल लाइन में लगे वाल्व की मरम्मत के लिए बालासौड़ रोड पर गढ्ढा खोदकर पुराना वाल्व तो निकाल दिया, लेकिन उसके स्थान पर दूसरा वाल्व लगाना भूल गया। इसके कारण पिछले दो दिन से हजारों की आबादी हो होने वाली पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है।
स्थानीय नागरिक दिनेश नेगी, विजय ध्यानी, गणेश डबराल, पातीराम ध्यानी व सतीश चमोली ने जलसंस्थान पर अपने कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। कहा कि विभाग को पहले नए वाल्व की व्यवस्था करनी चाहिए थी। पीने का पानी नहीं होने के कारण अनेक परेशानियां हो रही हैैं। विभाग केे अधिकारियों को बार-बार शिकायत के बाद भी विभाग न तो वाल्व लगाकर पेयजल आपूर्ति कर रहा है और न ही उपभोक्ताओं के लिए टैंकरों से पानी पहुंचाने की व्यवस्था कर रहा है। चेताया कि शीघ्र वाल्व लगाकर पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं होने पर आला अधिकारियों का घेराव किया जाएगा।
उधर, जलसंस्थान के अवर अभियंता बृजमोहन सिंह रावत ने बताया कि वाल्व को मरम्मत के लिए भेजा गया है। शीघ्र लाइन पर वाल्व लगाकर लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा।
-फोटो