धुमाकोट। स्व. आनंद सिंह गुसाईं स्मृति ट्रस्ट की ओर से उनकी स्मृति में आयोजित धुमाकोट महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को स्कूली बच्चों और महिला मंगल दलों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा बिखेरी। महोत्सव में यूथ फाउंडेशन ने भर्ती पूर्व प्रशिक्षण के लिए कैंप लगाकर युवाओं का चयन किया, जबकि, इंद्रेश अस्पताल देहरादून की ओर से महोत्सव में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।
रविवार को तहसील धुमाकोट में आयोजित महोत्सव के दूसरे दिन का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के ओएसडी उर्वा दत्त भट्ट ने किया। उन्होंने राज्य आंदोलन में स्व. गुसाईं के योगदान को याद करते हुए कहा कि आंदोलनकारियों की बदौलत ही उत्तराखंड राज्य अस्तित्व में आ सका।
इस मौके पर बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक हासिल करने वाले 11 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रधानाचार्य आनंद सिंह बिष्ट, शिक्षक गबर सिंह बिष्ट, धर्मेंद्र नेगी, प्रेमलाल मधवाल, डबल सिंह, चमन गिरी व मदन सिंह बिष्ट के अलावा सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए जंगबहादुर नेगी, अर्जुन पटवाल, ललित पटवाल, रघुबीर सिंह बिष्ट व सुरेंद्र प्रताप आदि को सम्मानित किया गया। महोत्सव में कृषि, उद्यान, समाज कल्याण आदि विभागों ने स्टाल लगाए गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में कसाना से गुंजन, उटिंडा से निधि, चैनपुर से कांति रावत, चामसैंण से अंजना सिंह की टीम के साथ ही महिला मंगल दल बाडागाड़, भोपाटी, बड़ेथ, धुमाकोट, कसाना, देवलाड आदि ने शिरकत की। कार्यक्रम में संदीप गुसाईं, अर्जुन पटवाल, कमलेश कंडारी, मनोज पटवाल, कपोत्री देवी, रश्मि पटवाल, विनोद पटवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन धनपाल सिंह रावत ने किया।
-फोटो