कोटद्वार। उत्तराखंड जन आंदोलनकारी राष्ट्रीय मोर्चा और काशीरामपुर-सूर्यनगर के ग्रामीणों ने सूर्यनगर पनियाली गदेरे में निर्मित पुलिया को तोड़ने और सुरक्षा दीवार बनाने की मांग को लेकर सिंचाई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी और सिंचाई विभाग के एई को ज्ञापन सौंपकर उनकी मांगों पर कार्रवाई करवाने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
शुक्रवार को एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सूर्यनगर के पनियाली गदेरे में पुलिया गलत तरीके से बनाई गई है, जिससे गदेरे के पानी की निकासी नहीं हो पाती है। इस कारण बरसात में पुलिया के नीचे मलबा आदि जमा हो जाता है। गदेरे का पानी आगे निकल नहीं पाता और पानी कॉलोनी में घुस जाता है। विगत वर्ष अगस्त में आई आपदा से काशीरामपुर क्षेत्र में भारी तबाही हुई और पुलिया के नीचे की सफाई न होने के कारण ग्रामीणों को काफी नुकसान हुआ। इसकी सूचना संबंधित विभाग को कई बार दी गई, लेकिन पुलिया को तोड़ा नहीं गया और न ही सुरक्षा दीवार बनाई गई है। इससे बरसात के समय गांव में बाढ़ आने का खतरा मंडरा रहा है। वर्तमान में गदेरे पर निर्मित पुलिया के बगल में भूकटाव होने और सुरक्षा दीवार न होने के कारण कभी भी पानी कालोनी में घुस सकता है। लोगों ने मांग न मानने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
इस मौके पर नरेश सिंह, किरन रावत, मनमोहन सिंह रावत, गजेंद्र तिवारी, प्रदीप नेगी, प्रभा देवी, ऊषा देवी, दयाराम शर्मा, विजेंद्र सिंह सजवाण, अशोक कुमार, जगत सिंह नेगी व दयाल बिष्ट आदि मौजूद रहे।
-फोटो