सतपुली। चौबट्टाखाल विधानसभा से चुनाव लड़ चुके पांच निर्दलीय प्रत्याशियों ने ग्रामीणों के साथ सतपुली में बैठक आयोजित कर सरकार पर क्षेत्र की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। साथ ही जनहित के मुद्दों पर एकजुट होने का आह्वान किया है।
निर्दलीय प्रत्याशी कविंद्र ईष्टवाल, सुंदर सिंह चौहान, भारतेंदु डोभाल, पूनम कैंतुरा और नंदन सिंह रावत ने बैठक में पलायन, बेरोजगारी समेत अन्य क्षेत्रीय मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का निर्णय लिया है। साथ ही आगामी निकाय और पंचायत चुनाव में सभी निर्दलीय प्रत्याशियों ने एकजुट होकर अपनी-अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है।
निर्दलीय प्रत्याशियों ने भाजपा और कांग्रेस को कोसते हुए कहा कि दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। क्षेत्रीय विकास के मुद्दों को स्थानीय प्रत्याशी ही बेहतर तरीके से समझ और सुलझा सकते है। इस मौके पर 21 दिसंबर को क्षेत्र के सड़कों के मुआवजे समेत अन्य समस्याओं को हल कराने को लेकर सतपुली में धरना प्रदर्शन किए जाने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर प्रजामंडल पार्टी के संस्थापक सदस्य समीर रतूड़ी, भागेश्वर प्रसाद सकलानी, शंकर विश्वनाथ, सूरत सिंह रावत मौजूद थे।