कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के भीमसिंहपुर गांव में एक घर के बाहर अजगर दिखने से लोगों में हड़कंप मच गया। घर के बाहर खेल रहे बच्चे ने भागकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने अजगर को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
रेंज अधिकारी आरपी पंत ने बताया कि शनिवार दोपहर में भीमसिंहपुर गांव के कुकरेती मोहल्ला निवासी आशीष कुकरेती का बेटा घर के आंगन में खेल रहा था। तभी उसकी नजर दीवार से सटे दस फीट लंबे अजगर पर पड़ी। वह उसे देख डरकर घर के अंदर भाग गया और परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजनों ने घर के बाहर देखा तो अजगर देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी। कुछ देर बाद पहुंची वन विभाग की टीम फारेस्ट गार्ड सतपाल, महेंद्र कुमार, प्रदीप ने अजगर को कब्जे में कर थैले में बंद कर दिया और जंगल के बीहड़ में जाकर छोड़ दिया।