उत्तराखंड परिवहन निगम की बसें अब दोबारा श्रीनगर डिपो से अलग अलग रूटों को चलेगी। 12 साल बाद श्रीनगर डिपो पहले की तरह ट्रेक पर आ गया है। डिपो से पहले दिन श्रीनगर से चंडीगढ़ के लिए बस चलेगी और रविवार से दिल्ली के लिए बस सेवा शुरू हो जाएगी।
श्रीनगर डिपो में शुक्रवार देर शाम तक दो बस पहुंच जाएंगी। श्रीनगर डिपो को 10 नई बस मिली हैं। 8 नवंबर 2004 को श्रीनगर डिपो का उद्घाटन तत्कालीन परिवहन मंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने किया था, तब इस डिपो को 18 बस आवंटित हुई। तीन-चार दिन बाद ही अधिकतर बस ऋषिकेश और कोटद्वार डिपो को दे दी गई। बाद में यहां तैनात स्टाफ भी अन्यंत्र तैनात कर दिया गया।
डिपो से दोबारा बसें चलाने के लिए प्रगतिशील जनमंच के बैनर तले क्षेत्र की जनता ने आंदोलन चलाया। आंदोलन के दबाव में यहां एजीएम रेंक के अधिकारी की नियुक्ति कर दी गई, लेकिन बस आवंटन का मामला अटका रहा। जनता के गुस्से को देखते हुए निगम ने यहां दो बसों का संचालन कराया। निगम के महाप्रबंधक अनूप रावत ने बताया कि शनिवार से चंडीगढ़ के लिए बस चलने लगेगी। बसों के संचालन के लिए चालक-परिचालकों की नियुक्ति की जा रही है।
चंडीगढ़ से श्रीनगर के लिए सीधी बस सेवा
श्रीनगर डिपो से दिल्ली, देहरादून और चंडीगढ़ समेत पहाड़ी रुटों पर बसों का संचालन होगा। चंडीगढ़ के लिए रोजाना यहां से सुबह 10 बजे से बस चलेगी। जबकि दिल्ली के लिए सुबह 11 बजे बस चलेगी। दिल्ली व चंडीगढ़ से सुबह के समय भी श्रीनगर के लिए बस मिलेगी। श्रीनगर डिपो में लेखाकार, सहायक फोरमैन और दो मैकेनिक की तैनाती की गई है। स्टेशन इंचार्ज उत्तम सिंह ने बताया कि कार्यालय के लिए अन्य संसाधनों की भी व्यवस्था की जा रही है। बस अड्डे में निजी पार्किंग भी बंद कर दी गई है।
सीएम का इंतजार
डिपो के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री का इंतजार किया जा रहा है। अक्तूबर माह में डिपो के उद्घाटन की तिथि निर्धारित की गई थी, लेकिन उद्घाटन नहीं हो पाया। इसके बाद 1 नवंबर की तिथि तय की गई थी, लेकिन यह भी स्थगित हो गया।