कोटद्वार। शांति इंटरनेशनल स्कूल दुर्गापुरी के वार्षिकोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। इस मौके पर विद्यालय प्रशासन की ओर से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश देते हुए बेटियों को अपराजिता बनाने का संकल्प लिया गया। पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने फोन से समारोह को संबोधित किया।
दुर्गापुर के ताड़केश्वर नगर स्थित स्कूल परिसर में आयोजित वार्षिकोत्सव का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि महिला उत्थान एवं बाल कल्याण संस्था की अध्यक्ष अनुकृति गुसाईं, वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत के ओएसडी विनोद रावत, वरिष्ठ पत्रकार नागेंद्र उनियाल और विद्यालय की संचालिका शांति मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में अतिथियों ने विद्यालय की विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना के बाद गढ़वाली, कुमाऊंनी, हिंदी, राजस्थानी, पंजाबी गीतों की सुंदर प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मौके पर मिस पौंड्स फेमिना अनुकृति गुसाईं ने कहा कि मां बच्चे की प्रथम पाठशाला होती है। बच्चे को संस्कारवान बनाने में मां की भूमिका अहम होती है।
पूर्व पालिकाध्यक्ष रश्मि राणा, बलूनी स्कूल की डायरेक्टर अभिलाषा भारद्वाज, विष्णु अग्रवाल, भगवान सिंह, अरुण मिश्रा, दिनेश जुयाल, विजय लखेड़ा, किसान नेता परशुराम, सुरेंद्र सिंह गुसाईं व मुन्नालाल मिश्रा ने लोगों से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का आह्वान किया।
-फोटो