कोटद्वार। जम्मू-कश्मीर के बांदीपुरा गरेज सेक्टर में शहीद हुए 36वीं राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात कोटद्वार के शिवपुर गांव निवासी राइफलमैन शहीद मनदीप सिंह रावत का पार्थिव शरीर बुधवार शाम को हेलीकाप्टर से कोटद्वार पहुंच गया है। सेना और पुलिस की सुरक्षा में शहीद के पार्थिव शरीर को यहां राजकीय बेस अस्पताल में रखा गया है। बृहस्पतिवार को सैन्य सम्मान के साथ शहीद का मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया जाएगा। शहीद की अंतिम यात्रा के दौरान कोटद्वार बाजार बंद रहेगा। बुधवार को जौलीग्रांट देहरादून से हेलीकाप्टर से शहीद मनदीप सिंह के पार्थिव शरीर को शाम करीब छह बजे आर्मी के गबर सिंह कैंप लाया गया। शाम होने के कारण परिजनों के अनुरोध पर शहीद के पार्थिव शरीर को घर के बजाय राजकीय बेस अस्पताल में लाया गया। यहां इमरजेंसी वार्ड में डी-फ्रीजर की व्यवस्था कर शहीद के शरीर को सुरक्षित रखा गया है। शहीद मनदीप का पार्थिव शरीर कोटद्वार पहुंचने की सूचना मिलते ही लोग शहीद के अंतिम दर्शनों के लिए अस्पताल की ओर चल पड़े, देखते ही देखते अस्पताल में भीड़ जमा हो गई। गढ़वाल राइफल्स के जवान पार्थिव शरीर को वाहन से उतारकर अस्पताल के अंदर ले गए। पुलिस ने लोगों को अस्पताल के अंदर नहीं जाने दिया।
कोटद्वार के एसडीएम कमलेश मेहता ने बताया कि शहीद के पार्थिव शरीर को सेना और पुलिस की सुरक्षा में अस्पताल में रखा गया है। बृहस्पतिवार सुबह सात बजे शहीद का पार्थिव शरीर शिवपुर स्थित घर ले जाया जाएगा। घर पर परिजनों के अंतिम दर्शन करने के बाद कोटद्वार के मुक्तिधाम में सैनिक सम्मान के साथ शहीद मनदीप का अंतिम संस्कार किया जाएगा। उधर, नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने बताया कि अंतिम यात्रा के दौरान शहीद के सम्मान में बाजार बंद रखा जाएगा। शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिए बुधवार देर शाम जिले के अधिकारी भी कोटद्वार पहुंच गए हैं।