कोटद्वार। गढ़वाल सभा की ओर से आयोजित मेधावी छात्र अभिनंदन समारोह में दुगड्डा ब्लॉक के 168 छात्र/छात्राओं को सम्मानित किया गया।
भाबर क्षेत्र के अंतर्गत निंबूचौड़ स्थित एक शॉपिंग कांपलेक्स में आयोजित समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस क्षेत्राधिकारी जेआर जोशी और विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी सुषमा दास ने संयुक्त रूप से किया। सीओ जेआर जोशी ने कहा कि देश को दिशा देने में मेधावी विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। बीईओ सुषमा दास ने छात्र-छात्राओं से मेहनत और लगन से शिक्षा ग्रहण करने की अपील की। इस मौके पर सरकारी स्कूलों में बोर्ड परीक्षा में 80 फीसदी और पब्लिक स्कूलों में बोर्ड परीक्षा में 90 फीसदी अंक हासिल करने वाले मेधावी छात्र/छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल व उपहार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में प्रधानाचार्य हरिचरण चतुर्वेदी, सोम प्रकाश बलोधी, बृजेश रानी, बीना मित्तल आदि शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित भी किया गया। समारोह में सभा के अध्यक्ष योगंबर सिंह रावत, महासचिव डा. पदमेश बुड़ाकोटी, गोविंद डंडरियाल, चंद्र प्रकाश ध्यानी, डा. नंद किशोर ढौंढियाल, डा. विजय मैठाणी, विनोद कुकरेती, प्रवेश नवानी, गिरीश नैथानी, जनार्दन बुड़ाकोटी, शशि भूषण अमोली और पूर्व पालिकाध्यक्ष शशि नैनवाल आदि मौजूद रहे।