लैंसडौन। कदम कदम बढ़ाए जा खुशी के गीत गाए जा, ए जिंदगी है कौम की तू कौम पे लुटाए जा...आर्मी बैंड की धुन पर पासिंग आउट परेड करते हुए देश की रक्षा के लिए 77वें कोर्स के 300 रिक्रूट सेना का अभिन्न अंग बने। 22वीं गढ़वाल के कमान अधिकारी कर्नल प्रदीप सिंह ने पुनरीक्षक अधिकारी के रूप में रिक्रूटों की परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली।
शनिवार को गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट सेंटर के मुख्यालय लैंसडौन में पासिंग आउट परेड में बतौर पुनरीक्षक अधिकारी कर्नल प्रदीप सिंह ने युद्ध स्मारक जाकर वीर सैनिकों की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर विभिन्न युद्धों के शहीदों का भावपूर्ण स्मरण किया। उन्होंने रिक्रूटों को शपथ दिलाते हुए उनसे अपेक्षा की कि वे रेजीमेंट की मर्यादा तथा देश की आन-बान-शान की रक्षा की खातिर सदैव तत्पर रहेंगे।
परेड का नेतृत्व कुलदीप सिंह कर रहे थे। इस मौके पर रिक्रूटों ने पंडित शशांक शेखर डिमरी के नेतृत्व में राष्ट्रीय ध्वज टोली के समक्ष राष्ट्र की एकता व अखंडता की रक्षा का संकल्प लिया। उन्होंने धार्मिक ग्रंथ पर हाथ रख कर सेना की परंपराओं को बनाए रखने का वचन लिया। इस मौके पर नवनियुक्त सैनिकों ने अपने दाहिने कंधे पर बहादुरी की प्रतीक लाल रंग की रायल रस्सी स्कारलेट धारण की।
34 माह के कठिन प्रशिक्षण दौरान विभिन्न क्रियाकलापों में अग्रणी रहे रिक्रूटों धर्मेंद्र सिंह को ओवरआल परफार्मेंस के लिए पुनरीक्षक अधिकारी कर्नल प्रदीप सिंह ने स्वर्ण पदक, मनीष चंद्र गौड़ को रजत, अशोक पंवार को कांस्य पदक प्रदान किया। सर्वोत्तम ड्रिल के लिए कुलदीप सिंह, फायरिंग के लिए ऋषि कुमार को पदक प्रदान किए गए। ए कंपनी के नायक सोबन सिंह को उत्तम प्रशिक्षक के लिए, ए कंपनी के सूबेदार धर्मपाल सिंह नेगी को उत्तम प्लाटून कमांडर का खिताब देकर सम्मानित किया गया। ए कंपनी को चैंपियनशिप बैनर प्रदान किया गया। यह बैनर सूबेदार उत्तम चंद्र ने पुनरीक्षक अधिकारी के हाथों ग्रहण किया।
-फोटो
प्रयोगात्मक परीक्षा 30 को
कोटद्वार। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार के जंतु विज्ञान की बीएससी द्वितीय सेमेस्टर की जंतु विज्ञान विषय की प्रयोगात्मक परीक्षा 30 मई को और चतुर्थ सेमेस्टर की प्रयोगात्मक परीक्षा 1 जून को होगी। जंतु विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डा. वसंतिका कश्यप ने यह जानकारी दी।