कोटद्वार। गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में संयुक्त चिकित्सालय को बेस अस्पताल का दर्जा मिलने को लेकर भाजपा और कांग्रेस में श्रेय की राजनीति शुरू हो गई है। कांग्रेसी जहां इसे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी के प्रयासों का परिणाम बता रहे हैं, वहीं भाजपाइयों ने इसका श्रेय वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत को दिया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गढ़वाल टाकीज स्थित कार्यालय में हुई बैठक में कहा गया कि बेस अस्पताल का दर्जा कांग्रेस शासनकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत और स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी 15 दिसंबर, 2016 द्वारा दे दिया था। तब बेस अस्पताल का नामकरण स्व. चंद्रमोहन सिंह नेगी राजकीय बेस चिकित्सालय के नाम से कर दिया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा.चंद्रमोहन खर्कवाल ने कहा कि तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री ने खराब स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कोटद्वार चिकित्सालय को उच्चीकृत कर बेस अस्पताल के अनुरूप बहुमंजिला भवन और मरीजों की जांच के लिए आधुनिक मशीनें भी अस्पताल में लगवाई थी।
उधर, भाजपा के कुलदीप अग्रवाल, भाबर मंडल मंत्री सुरमान सिंह रावत, पूर्व महामंत्री मनोज लखेड़ा, वरिष्ठ नेता अरुण भट्ट समेत कई कार्यकर्ताओं ने संयुक्त चिकित्सालय को बेस अस्पताल में उच्चीकृत करने और आयुर्वेद मेडिकल कालेज को कोटद्वार में स्वीकृति दिलाने पर आभार जताया। कहा कि भाजपा सरकार ने जीएमओयू की कोटद्वार-देवप्रयाग-व्यासघाट-हरिद्वार बस सेवा शुरू कराकर जनता को बड़ी सुविधा प्रदान की है।