कोटद्वार। पौड़ी जिले के दो गांवों से गुम हुए तीन स्कूली बच्चों को आपरेशन स्माइल टीम ने दक्षिणी दिल्ली के पंजाबी बाग से बरामद किया है। पुलिस ने 13 फरवरी को तीनों बच्चों को बाल कल्याण समिति पौड़ी में पेश कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
आपेरशन स्माइल टीम के प्रभारी सतेंद्र भाटी ने बताया कि ग्राम उल्ली पट्टी विडोलस्यूं पौड़ी निवासी सोहन सिंह (15) पुत्र चंद्र सिंह और अमित सिंह (15) पुत्र राजपाल, जबकि ग्राम मरोड़ा पौड़ी निवासी नितेश (17) पुत्र राकेश चंद्र नौ फरवरी को स्कूल गए थे। शाम तक उनके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। ऐसे में परिजनों ने पुलिस मुख्यालय पौड़ी में बच्चों को खोजने की अपील की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देश पर आपरेशन स्माइल टीम ने राजस्व उपनिरीक्षक पाबौ की सूचना पर बच्चों की खोजबीन शुरू कर दी। छानबीन के दौरान पता चला कि बच्चे अपने साथ मोबाइल ले गए थे। टीम ने मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर बच्चों को पंजाबी बाग दक्षिणी दिल्ली से बरामद किया। स्माइल टीम द्वारा बच्चों को 13 फरवरी को बाल कल्याण समिति पौड़ी के समक्ष पेश कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। आपरेशन स्माइल टीम में एसआई सतेंद्र भाटी, कांस्टेबल कपिल, शूरवीर भंडारी, अनिल कुमार, महेश कुमार, निरंजन और महिला कांस्टेबल रेखा मेहता शामिल रहे।
-फोटो