कोटद्वार/भाबर। भाबर रोड पर स्थित मोटाढांक चौराहे पर बुधवार सुबह एक बाइक ट्रैक्टर ट्राली के पीछे जा टकराई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे शिवराजपुर निवासी दो युवक विजय धस्माना उर्फ मोनू (19) पुत्र महिमानंद धस्माना और विकास (23) पुत्र दिनेश चंद्र बाइक से सिगड्डी सिडकुल के लिए जा रहे थे। मोटाढांक चौराहे में उनकी बाइक ट्रैक्टर-ट्राली के पीछे जा टकराई। हादसे में बाइक चला रहे विजय धस्माना (मोनू) का सिर ट्राली से टकरा गया। विजय के सिर पर गंभीर चोटें आ गईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल विजय को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां थोड़ी देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया। वह सिगड्डी सिडकुल में एक इलेक्ट्रानिक्स कंपनी में नौकरी करता था। बाइक पर पीछे बैठे युवक विकास को मामूली चोटें आई हैं। उसे अस्पताल से छुट्टी दे गई गई। उपनिरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। प्रभारी कोतवाल राकेंद्र कठैत ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा। प्रभारी कोतवाल ने बताया कि बाइक सवार युवक यदि हेलमेट पहना होता तो उसकी जान बच सकती थी। .
-फोटो