कोटद्वार। तीन माह से वेतन न मिलने से भड़के उत्तराखंड पेयजल निगम कर्मचारी महासंघ से जुड़े कर्मचारी मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी कार्य बहिष्कार पर रहे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी एक सूत्री मांग पूरी नहीं होती, उनका अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। कर्मचारियों की हड़ताल से कोटद्वार में पेयजल निगम की तीनों शाखाओं में कामकाज ठप हो गया है। मंगलवार को जल निगम की यांत्रिक शाखा देवी रोड कोटद्वार में हड़ताली कर्मचारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
उत्तराखंड पेयजल निगम महासंघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर मंगलवार को दूसरे दिन कोटद्वार की तीनों शाखाओं के पेयजल निगम कर्मचारी बेमियादी कार्य बहिष्कार पर रहे। यांत्रिक शाखा के समक्ष कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन कर शासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि तीन माह से वेतन न मिलने से कर्मचारियों के परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। सेवानिवृत्त कर्मियों को भी पेंशन नहीं मिल पा रही है। धरना प्रदर्शन की अगुवाई नगर इकाई के अध्यक्ष नागेंद्र सिंह नेगी और सचिव अंकित कंडवाल ने की।
धरना-प्रदर्शन में योगेंद्रनाथ, हरीश ध्यानी, प्रदीप बौड़ाई, नवीन प्रसाद, भूपेंद्र सिंह, कल्पना देवी, सुमन देवी, महेश चंद्र, शिशुपाल सिंह, सीताराम, कमला देवी, सूरज मोहन, आशीष बहुगुणा व महिपाल समेत कई सदस्य मौजूद रहे।
फोटो