कोटद्वार। शीतकालीन अवकाश में प्रशिक्षण कराने पर उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ भड़का हुआ है। संघ की बैठक में शीतकालीन अवकाश में प्रशिक्षण कराने पर शिक्षकों ने रोष जताते हुए इसकी तिथि 15 जनवरी के बाद कराने की मांग की है। शिक्षकों ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों को समग्र शिक्षा अभियान फ्लैगशिप कार्यक्रम के तहत 10 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाना है, लेकिन इसे शीतकालीन अवकाश में नहीं किया जाना चाहिए।
उत्तराखंड राज्य प्राथमिक संघ पौड़ी के जिला मंत्री दीपक नेगी ने कहा कि एक से 15 जनवरी तक विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश रहता है। जिसमें शिक्षक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत अपने पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन करते हैं। कहा कि यह प्रशिक्षण शीतकालीन अवकाश में न कराकर 15 जनवरी के पश्चात करवाए जाने चाहिए। उन्होंने चेताया कि यदि शीतकालीन अवकाश में प्राथमिक शिक्षकों पर जबरन प्रशिक्षण कार्यक्रम थोपा गया तो संगठन इसका विरोध करेगा। बैठक में भीम सिंह, मनीष राणा, विपुल भंडारी, समशेर जंग, जगदीश राठी, नवीन पुंडीर, कुलगौरव, पूर्ण सिंह आदि मौजूद रहे।
.