कोटद्वार। मालन नदी में वन कर्मियों से अवैध उपखनिज का ट्रैक्टर छुड़वाने और मारपीट के आरोपी ट्रैक्टर-ट्राली और खननकारियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने रेंजर की तहरीर के आधार पर छह लोगों को नामजद करते हुए 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, बलवा, सरकारी काम में बाधा और वन अधिनियम में केस रजिस्टर्ड करते हुए छानबीन शुरू कर दी है। उधर, लैंसडौन के डीएफओ संतराम ने जिलाधिकारी और एसएसपी पौड़ी को पत्र लिखकर अवैध खननकारियों की ओर से वन कर्मियों पर बढ़ते हमले की घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
एसएसआई राकेंद्र कठैत ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात की घटना की कोटद्वार के वन क्षेत्राधिकारी एसपी कंडवाल ने शुक्रवार को तहरीर दी थी। मामले में प्रारंभिक जांच पड़ताल के बाद शनिवार दिन में मामला पंजीकृत कर लिया गया है। तहरीर के अनुसार कलालघाटी-मवाकोट मार्ग पर वन कर्मियों से ट्रैक्टर छीनने और मारपीट करने वालों में धर्मवीर, शशिकांत जोशी, संतोष जोशी, तेजप्रकाश गौड़, कुलदीप और सोनू चौधरी सहित 15 से 20 अज्ञात लोग शामिल थे। उनके खिलाफ वन कर्मियों से गाली गलौच, जान से मारने की धमकी, बलवा और संबंधित धाराओं के साथ ही वन अधिनियम में केस दर्ज किया है।
लैंसडौन के डीएफओ संतराम ने वन कर्मियों पर हमले की इस घटना के बारे में जिलाधिकारी और एसएसपी पौड़ी को पत्र लिखकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कहा कि पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें प्रभावी कार्रवाई न होने से विभागीय कर्मियों का मनोबल कमजोर होता है।