कोटद्वार। महर्षि विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में बूगी-वूगी डांस प्रतियोगिता के ग्रुप डांस में प्रथम आए विद्यालय के छात्र सौरभ कंवर को सम्मानित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानाचार्य अर्चना शर्मा ने कहा कि जरूरी नहीं कि बच्चा पढ़ने के क्षेत्र में ही अपना नाम कमा सकता है। अगर सचिन तेंदुलकर और लता मंगेशकर भी अपने हुनर को ना पहचान कर पढ़ने को ही अपना लक्ष्य मान लेते तो आज देश एक सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और सर्वश्रेष्ठ गायिका से वंचित रह जाता। बच्चे अपने अंदर की प्रतिभा को निखारे और पढ़ने के साथ-साथ अपने लक्ष्य पर भी ध्यान दें। उन्होंने सौरभ के माता-पिता से उसके इस हुनर को पहचानने और उसे आगे बढ़ने में उसकी मदद करने की अपील की। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित थे।