कोटद्वार। बदरीनाथ मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप का संचालन शुरू कराने आए भारत पेट्रोलियम के अधिकारियों को कोटद्वार के व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने हाईकोर्ट के आदेशों के विपरीत पंप का संचालन तीसरे पक्ष से कराने पर आपत्ति करते हुए जमकर हंगामा काटा। कहा कि कंपनी कोर्ट के दिशा-निर्देशों से बाहर जाकर मनमानी पर उतारू है। व्यापारियों ने कहा कि कंपनी हरिद्वार के एक व्यक्ति को पेट्रोल पंप संचालित करने के लिए देना चाहती है, जिसका विरोध किया जाएगा।
मंगलवार को भारत पेट्रोलियम के एरिया सेल्स मैनेजर, कंपनी के गार्ड और कैमरामैन के साथ बदरीनाथ मार्ग स्थित उस पेट्रोल पंप पर पहुंचे, जिसे कंपनी ने गत 16 नवंबर को संबंधित डीलर से अपने कब्जे में लिया था। कंपनी के अधिकारी जैसे ही पंप को किसी तीसरे पक्ष को सौंपकर उसे शुरू कराने की प्रक्रिया करने लगे, इतने में कोटद्वार के पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन से जुडे़े पंप मालिक और व्यापारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पंप का संचालन तीसरे पक्ष को सौंपने का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। व्यापारियों की पेट्रोलियम कंपनी के अधिकारियों के साथ तीखी नोकझोंक हो गई। व्यापारियों ने कहा कि कंपनी हाईकोर्ट के दिशा-निर्देश के अनुसार काम नहीं कर रही है। कंपनी के अधिकारियों ने कहा कि कंपनी खुद पेट्रोल पंप को संचालित करेगी। व्यापारी नेता संजय मित्तल, राकेश मित्तल समेत कई व्यापारियों ने जब हरिद्वार के व्यापारी के बारे में जानकारी मांगी तो अधिकारियों ने उसे कंपनी का ठेकेदार बताया। इस पर व्यापारी और भड़क गए।
उधर, भारत पेट्रोलियम के एरिया सैल्स मैनेजर ऋषभ अस्थाना ने बताया कि वर्ष 2013 में सैंपलिंग में गड़बड़ी और मिट्टी का तेल मिलानेे के मामले में डीलर पर कार्रवाई की गई थी, जिस पर संबंधित डीलर की ओर से कोर्ट से स्टे लिया गया। गत वर्ष सितंबर माह में स्टे की अवधि खत्म हो गई। कंपनी ने कार्रवाई करते हुए नवंबर में पेट्रोल पंप पर अपना कब्जा ले लिया। अब कंपनी खुद पैट्रोल पंप का संचालन करेेगी।
-फोटो