कोटद्वार। दिवाली और भाई दूज की छुट्टियां समाप्त होते ही मैदानी क्षेत्रों को जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने से रोडवेज की बसों में सीट पाने के लिए मारामारी लगी रही। अचानक यात्रियों की भीड़ बढ़ने के कारण कोटद्वार रोडवेज डिपो को दिल्ली रूट पर अतिरिक्त बसों का संचालन करना पड़ा। वहीं, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसें भी खचाखच भरकर दिल्ली के लिए रवाना हुईं। लोगों को बसों के इंतजार में परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोमवार को स्कूल और ऑफिस खुलने के कारण रविवार को यात्री अपने घरों को रवाना हुए। इसके कारण पर्वतीय क्षेत्रों से मैदानी क्षेत्रों को जाने वाली बसों और अन्य वाहनों में यात्रियों का दबाव बढ़ गया। यात्रियों की भीड़ इतनी अधिक थी कि कोटद्वार रोजवेज डिपो को रोजाना दिल्ली रूट पर जाने वाली 23 बसों के अलावा 17 बसें और चलानी पड़ीं। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रोडवेज कर्मियों के पसीने छूट गए। तीन बजे के करीब यात्रियों का दबाव कम हुआ।
रोडवेज की बसों में भीड़ को देखते हुए लोग उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस में सीट पाने के लिए कौड़िया तिराहा, देवी मंदिर तिराहा, देवी रोड और मोटर नगर के पास अपने सामान के साथ घंटों जमा रहे। रोडवेज की बस आते ही लोगों में सीट पाने के लिए भगदड़ मची रही।
कोटद्वार रोडवेज डिपो के आरएम वीके सैनी ने बताया कि रविवार को यात्रियों की भीड़ अधिक होने के कारण उनके लिए व्यवस्थाएं बनाने के लिए दिल्ली रूट के लिए कोटद्वार डिपो की कुल 40 बसों का संचालन किया गया।
फोटो-