कोटद्वार। विकासखंड एकेश्वर के संगलाकोटी बाजार में नक्षत्र संगम समिति की ओर से दिवाली के अवसर पर एक नई पहल शुरू की गई है। इसके तहत श्री कोटेश्वर महादेव भोले शंकर मंदिर परिसर में स्थानीय जनता के सहयोग से 1001 दीये जलाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
नक्षत्र संगम समिति के साथ बाजार कमेटी, महिला मंगल दल और स्थानीय लोगों के सहयोग से इस नई पहल को सफल बनाने का प्रयास किया गया है। बाजार कमेटी के अध्यक्ष भास्कर द्विवेदी ने बताया कि दीवाली पर दीये जलाने की जो पहल शुरू की गई है, संगलाकोटी बाजार के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इसमें स्थानीय जनता का पूूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ है। सभी लोगों के सहयोग से इस पहल में पहली बार कोटेश्वर महादेव मंदिर में 1001 दीये जलाकर सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। साथ ही इस पहल को जारी रखने के लिए अगली दिवाली पर 21 हजार दीये जलाकर अंधकार को मिटाने का संकल्प लिया है। इस मौके पर वेदपाल रावत, पंकज पोखरियाल, सुरेंद्र पाल, नरेंद्र ध्यानी, जितेंद्र ध्यानी, योगेश रावत, दलबीर गिरि, सुधीर बड़ोला, राकेश ध्यानी, राजेंद्र रावत, राकेश चंद, राकेश शाह, डा. बीएस नेगी आदि मौजूद थे।