यमकेश्वर। यमकेश्वर ब्लाक के ग्राम पंचायत पम्बा के ग्राम पनियाली में जंगली सुअर के हमले में एक महिला घायल हो गई। महिला को ग्रामीणों ने ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
बुधवार शाम चार बजे पनियाली निवासी पुष्पा देवी पत्नी दर्शन सिंह खेतों में काम करने गई थीं। तभी जंगली सूअर ने उन पर हमला कर गंभीर रुप से घायल कर दिया। ग्राम प्रधान पम्बा राजपाल सिंह राणा ने बताया कि महिला को 108 के माध्यम से ऋषिकेश ले जाने के लिए फोन किया, लेकिन 108 ने वहां आने से इंकार कर दिया। ऐसे में घायल महिला को प्राइवेट वाहन से ऋषिकेश अस्पताल भेजना पड़ा। जंगली सूअर के हमले की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। ग्राम प्रधान ने वन विभाग से घायल महिला को उपचार कराने और अनुमन्य मुआवजा दिलाने की मांग की।