कोटद्वार। कोटद्वार के प्रसिद्धधाम श्रीसिद्धबली मंदिर में तीन दिवसीय वार्षिक महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार से होगा। ब्रह्म मुहूर्त में सुबह पांच बजे पिंडी महाभिषेक के साथ धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो जाएंगे। महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से महोत्सव के लिए सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
शुक्रवार सुबह सात बजे मंदिर परिक्रमा और ध्वज पूजा के साथ महोत्सव आगे बढ़ेगा। शाम को मंदिर से नगर तक भव्य शोभायात्रा मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी। पहले दिन के कार्यक्रम में श्रीसिद्धबली बाबा की झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
शनिवार को दूसरे दिन की शुरुआत पिंडी महाभिषेक, एकादश कुंडलीय यज्ञ से होगी। दोपहर बाद गढ़वाली भजन संध्या में सोनिया आनंद एंड म्यूजिकल पार्टी भजनों के माध्यम से बाबा का गुणगान करेंगे। शनिवार को बतौर मुख्य अतिथि के रूप में हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला जी कार्यक्रम में शामिल रहेंगी।
महोत्सव के तीसरे दिन रविवार को अपनी भजन संध्याओं में प्रसिद्ध भजन गायक पीयूष-कैलाश अनुज अपनी प्रस्तुतियां देंगे। मंदिर समिति अध्यक्ष कुंज बिहारी देवरानी और महंत दिलीप रावत ने बताया कि शुक्रवार से शुरू होने वाले इस महोत्सव में निकलने वाली शोभायात्रा में दिल्ली का मशहूर नासिक ढोल, राधाकृष्ण का डांडियां रास और वजीरगंज का प्रसिद्ध काली का अखाड़ा मुख्य आकर्षण रहेंगे।
तीसरे और अंतिम दिन सुबह बाबा के जागरों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर सवा मन का रोट का प्रसाद वितरण होगा। समापन महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम जी महाराज अपना आशीर्वाद श्रद्धालुओं को प्रवचन के रूप में देंगे।
-फोटो