कोटद्वार। बीते मंगलवार को बीएसएनएल के कोटद्वार एक्सचेंज परिसर में जेटीओ और सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट के आरोपी अज्ञात बाप-बेटे के खिलाफ बाजार पुलिस चौकी में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है। साथ ही सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के साथ ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बीएसएनएल के कोटद्वार एक्सचेंज में कार्यरत जेटीओ पंकज कुमार निराला की ओर से बाजार पुलिस चौकी में एक तहरीर दी गई थी। तहरीर के अनुसार गत मंगलवार को उनके और एक्सचेंज में कार्यरत सुरक्षा कर्मी चंद्र सिंह रावत के साथ एक शराबी व्यक्ति और उसके बेटे द्वारा गालीगलौच और मारपीट की गई। कहा कि वह रोज की तरह एक्सचेंज में काम कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति शराब के नशे में धुत्त होकर सुरक्षा गार्ड से भिड़ने लगा। उसकी हालत देखकर उसे एक्सचेंज के अंदर जाने का कारण पूछा गया, तो उसने मौके पर हंगामा किया। बीच बचाव करने पर शराबी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मौके पर आए शराबी के बेटे ने भी उनके साथ मारपीट की। जेटीओ की ओर से अज्ञात पिता- पुत्र के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट, धमकी देने की तहरीर दी थी। कोतवाल यूएस जिमिवाल ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।