भर्ती रैली में शामिल होने आए पौड़ी जिले के सतपुली, लैंसडौन और श्रीनगर तहसील क्षेत्र के युवाओं के एक साथ अपने घरों को लौटने के कारण बस अड्डे पर भीड़ लगी रही। बसों में सीट पाने के लिए युवकों की मारामारी रही। युवाओं की भीड़ को देखते हुए जीएमओयू और रोडवेज को सतपुुली-श्रीनगर रूट पर 10 अतिरिक्त बसों का संचालन करना पड़ा। वहीं टैक्सी वालों ने भी खूब चांदी काटी।
रविवार सुबह पांच बजे भर्ती शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया में तीनों तहसील क्षेत्र के 3175 युवाओं ने प्रतिभाग किया, जिसमें 2537 युवक भर्ती से बाहर हो गए। बाहर होने के बाद युवा घर वापस जाने को कोटद्वार बस अड्डे पहुंचे। बसों की उपलब्धता नहीं होने के कारण यहां युवकों की भीड़ लग गई। श्रीनगर जाने वाली रोडवेज की बस में सीट पाने के लिए युवकों में होड़ लग गई। कई युवा खिड़की के रास्ते बस के अंदर घुसे और सीट कब्जाई। सतपुली जाने वाली जीएमओयू की बसें ओर लैंसडौन जाने वाले मैक्स वाहन भी खचाखच भरकर गए। इस बीच कई मैक्स चालकों ने युवाओं से मनमाना किराया वसूला। जीएमओयू के सचिव विजयपाल सिंह ने बताया कि सतपुुली-श्रीनगर रूट पर रोज 5 बसें चलती हैं, लेकिन युवाओं की भीड़ के कारण कंपनी की अतिरिक्त 10 बसों का संचालन किया गया। सभी बसें फुल होकर रवाना हुईं।