बहादराबाद। कोतवाली पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान नहर पटरी मार्ग से एक युवक को भारी मात्रा में गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार रात को कोतवाली पुलिस की गश्ती टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान नहर पटरी मार्ग पर पेड़ों के बीच एक युवक पर संदेह होने पर उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। बाजार चौकी प्रभारी विकास रावत ने युवक की तलाशी ली तो उसके पास मौजूद काले रंग के बैग से 3.946 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कुर्बान (18 वर्ष), निवासी कलियर बताया। क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने बताया कि बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।