अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से महिला विद्यालय डिग्री कॉलेज सतीकुंड में अपराजिता कार्यक्रम में छात्राओं को बताया कि वह खुद शक्ति और दुर्गा का रूप हैं। उन्हें डरने की जरूरत नहीं, बल्कि डर को दूर भगाकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
कॉलेज की सचिव वीणा शास्त्री ने कहा कि महिलाओं को हारने की जरूरत नहीं है। चाहे कितनी भी मुश्किल आए। लेकिन उन्हें हर कठिन रास्ते को पार करके अपनी मंजिल को पाना है। पुलिस महिला हेल्पलाइन हरिद्वार की प्रभारी अनिता शर्मा ने कहा कि महिलाएं किसी भी उत्पीड़न पर चुप्पी न साधे। यदि वह चुप्पी साधेंगी तो उनका और शोषण किया जाएगा। इसलिए वह किसी भी शोषण के खिलाफ कानून का सहारा लेकर आवाज उठाएं।
महिला अधिवक्ता रीमा शाहिम ने महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का वह उपयोग जरूर करें, पर इससे सावधान रहने की भी आवश्यकता है। उन्होंने ने घरेलू हिंसा, महिला कानून, पारिवारिक कानून की जानकारी छात्राओं को दी। महिला हेल्पलाइन की पुलिस कर्मी सीता पांडे ने पुलिस की ओर से चलाए जा रहे हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छात्राओं को महिला हेल्पलाइन नंबर याद रखने चाहिए। कहा कि वह इन नंबरों पर कभी भी सहायता लेने के लिए कॉल कर सकती हैं। कहा कि महिलाओं के लिए जनपद के समस्त थानों में महिला हेल्प डेस्क भी काम करती हैं। जिनसे कोई भी महिला पुलिस की मदद ले सकती है।
सामाजिक कार्यकर्ता दीपा ने छात्राओं को अपनी संस्था की ओर से चलाई जा रही छात्रवृत्ति से अवगत कराया। कहा कि उनकी संस्था कक्षा छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति उपलब्ध करा रही हैं। इसका लाभ सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राएं उठा सकती हैं। कॉलेज की प्राचार्य गीता जोशी ने कहा कि महिलाएं आगे बढ़ेंगी तो राष्ट्र का भी सुमचित विकास होगा। इस मौके पर डॉ. प्रीति आत्रेय, यासमीन अमीन, डॉ. अल्पना शर्मा, डॉ. मीनाक्षी गुप्ता, डॉ. प्रेरणा पांडेय, एमडी भाष्कर, सुमन, रेखा शर्मा आदि मौजूद रहे।
गौरा शक्ति ऐप पर की शिकायत रखी जाती है गोपनीय
अपराजिता कार्यक्रम में छात्राओं को पुलिस की ओर से गौरा शक्ति ऐप की जानकारी दी गई। इस दौरान छात्राओं के मोबाइल में गौरा शक्ति ऐप को डाउन लोड भी कराया गया। बताया गया कि गौरा ऐप में की गई शिकायत को गोपनीय रखी जाती है। इसलिए इसमें वह पुलिस से बेहिचक अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर निवारण करा सकती हैं।
छात्राओं के सवाल के दिए जवाब
अपराजिता कार्यक्रम में आई छात्राओं ने अपनी जिज्ञासाओं को शांत करने के लिए सवाल भी पूछे। अतिथियों की ओर से छात्राओं के प्रश्नों का विस्तारपूर्वक उत्तर देकर उन्हें समझाया गया।
- महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार की ओर से कई कदम उठाए जा रहे हैं, महिलाओं को जागरूक होकर इनका लाभ उठाना चाहिए। यदि वह इनका उपयोग करेंगी तो शोषण से बचेंगी।
- रीमा शाहिम, महिला अधिवक्ता
महिलाओं के लिए ऑफलाइन से लेकर ऑनलाइन तक पुलिस की ओर से मदद की जा रही है। इसलिए महिलाओं को किसी भी प्रकार का शोषण सहन नहीं करना है। छात्राएं अन्य को भी जागरूक करें।
- अनिता शर्मा, महिला हेल्प लाइन प्रभारी, हरिद्वार
- आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। छात्राएं अपने आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं को भी कानूनी जानकारी दें। जिससे सभी इनका लाभ उठा सकें।
- सीता पांडेय, महिला हेल्प लाइन पुलिस कर्मी
- छात्राएं सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाकर सशक्त बनें। महिलाओं को शिक्षा से लेकर कानूनी लड़ाई लड़ने तक के लिए सुविधाएं दी जा रही हैं।
- दीपा, सामाजिक कार्यकर्ता