हरिद्वार। ज्वालापुर के मोहल्ला झाड़ान में मंगलवार दोपहर एक घर में घुसकर महिला को ब्लेड से घायल कर जेवर और नगदी लूटकर दो लुटेरे फरार हो गए।
मूल रुप से यूपी के शामली जिले, कैराना के गुंबद मोहल्ले के रहने वाले विशाल शर्मा यहां सिडकुल की एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत हैं। वे पिछले कई वर्ष से यहां किराये पर रह रहे हैं। बीस दिन पूर्व ही वे मोहल्ला झाड़ान में शिफ्ट हुए थे। उनके पिता पुरोहित का कार्य करते हैं। गंगा दशहरा पर्व पर पिता, मां हरकी पैड़ी गए थे। घर पर पत्नी वैष्णवी, छह साल की बेटी और एक साल का बेटा था। दोपहर दो बजे दो युवक उनके घर के अंदर दाखिल हुए। बोला कि, उन्हें कमरा देखना है। वैष्णवी ने कमरा ऊपर की तरफ होने का इशारा कर किया। तभी युवकों ने मुख्यद्वार की कुंडी बंद कर दी और महिला पर काबू पाकर कान के कुंडल, नाक की लौंग, पाजेब एवं घर में रखे एक लाख रुपये लूट लिए और फिर फरार हो गए। यही नहीं ब्लेड से हाथ पर वार भी किए और किसी धातु से हाथ जला भी दिए। महिला ने घटना की सूचना अपने देवर को दी। फिर सूचना मिलने पर सीओ सदर जेपी जुयाल, कोतवाली प्रभारी डीएस रावत घटनास्थल पर पहुंचे। महिला को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। कोतवाल ने बताया कि महिला के डरे सहमे होने के चलते अभी लुटेरों के हुलिये के संबंध में पूछताछ नहीं हो सकी है। हुलिया पूछने के बाद स्कैच बनाए जाएंगे। इस संबंध में पड़ताल शुरू कर दी गई है।