सिडकुल थाना क्षेत्र में ट्रक की टक्कर लगने से वेव सिनेमा के कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। ट्रक को सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को पल्सर बाइक पर युवक राजा बिस्कुट चौक की तरफ से बहादराबाद की तरफ जा रहा था। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। वह नीचे गिर गया और ट्रक के पहिये के नीचे आ गया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक को मौके पर छोड़कर चालक भाग निकला।
थाना प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि मृतक की पहचान नवीन कुमार (29) पुत्र बिशन राम निवासी ग्राम माली नाली थाना धौलसीना जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई है। वह यहां पेंटानगन मॉल स्थित वेव सिनेमा में कार्यरत था। परिजनों की घटना की जानकारी दे दी गई है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया। चालक की तलाश की जा रही है।