बहादराबाद। उत्तराखंड में उच्च शिक्षा के प्रसार और नवप्रवेशी विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से दीक्षारम्भ कार्यक्रम, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय बहादराबाद स्थित अध्ययन केंद्र में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने कहा कि आज प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में छात्र विश्वविद्यालय से जुड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के शीतकालीन सत्र जनवरी 2026 में छात्र संख्या 40 हजार से अधिक हो चुकी है। उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रमाकांत पांडेय ने कहा कि यह संस्था दूरस्थ क्षेत्रों और शिक्षा से वंचित वर्गों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस मौके पर डॉ. मीनाक्षी सिंह रावत, डॉ. गौतमवीर, प्रो. लक्ष्मीनारायण जोशी, प्रो. मनोज किशोर पंत, प्रो. रामरतन खंडेलवाल, प्रो. बिंदुमती द्विवेदी, डॉ. कंचन तिवारी, मनोज गहतोड़ी आदि मौजूद रहे।