ज्वालापुर क्षेत्र में प्रशासन की टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। जेसीबी से दुकानों के बाहर हुए अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। कृषि उत्पादन मंडी समिति के बाहर अतिक्रमण की अनदेखी पर दुकानदार भड़क गए। जमकर हंगामा किया। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने मंडी सचिव से फोन पर जानकारी ली। मंडी की दुकानों के बाहर से भी अतिक्रमण को तोड़ा गया। इसके बाद लोग शांत हुए।
बृहस्पतिवार को सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार सिंह के नेतृत्व में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। जटवाड़ा पुल से लेकर हरिलोक कॉलोनी तक सड़क के दोनों तरफ दुकानों के बाहर कच्चे-पक्के अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। जबकि सामान को जब्त कर लिया गया। कृषि उत्पादन मंडी समिति से पहले तक प्रशासन की टीम ने अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। लेकिन मंडी की दुकानों के बाहर टिनशेड डालकर आगे तक हुए कच्चे-पक्के अतिक्रमण को छोड़ दिया।
इस बात को लेकर पीछे की दुकानों में कारोबार करने वालों हंगामा शुरू कर दिया। व्यापारियों का कहना था कि जब उनकी दुकानों के बाहर प्रशासन अतिक्रमण बता रहा है तो फिर मंडी की दुकानों के आगे अतिक्रमण नहीं है क्या। व्यापारियों के हंगामे के बाद पुलिस ने उन्हें समझाया। मगर वह वहां का अतिक्रमण को हटाने की मांग पर अड़ गए। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट अधवेश कुमार सिंह ने मंडी सचिव नंदिनी उनियाल से फोन पर वार्ता कर दुकानों केे बारे में जानकारी ली।