लोकसभा सामान्य निर्वाचन के दौरान चुनाव आयोग से मिली व्यवस्था के तहत वृद्ध, दिव्यांग मतदाताओं की वोटिंग घर पर कराने की व्यवस्था दी गई। इसके तहत सोमवार को जिला निर्वाचन कार्यालय से नामित कुल 81 टीम विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए सुबह रवाना की गईं। टीम ने जिले में कुल 85 से अधिक आयु वर्ग के 505 व्यक्तियों का मतदान उनके घर पर ही कराया।
इसी तरह 163 दिव्यांग व्यक्तियों ने भी पोस्टल बैलेट के माध्यम से अपने घर से ही मतदान किया। जिला निर्वाचन अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि मतदान के दौरान पूरी सुचिता और गोपनीयता रखी गई। पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान की कुल संख्या का संग्र्रह स्ट्रांग रूम में किया जा रहा है। यहां पर पूरी तरह चौकसी बरती जाएगी और 24 घंटे स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए निर्वाचन अधिकारियों को तैनात किया गया है।