- रानीपुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने जेल भेजा
हरिद्वार। रानीपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 15.2 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त बाइक जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि पुलिस टीम मंगलवार रात सुमननगर बंधा नंबर-09, सलेमपुर की ओर जाने वाली कच्ची सड़क पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर अब्दुला निवासी ग्राम राजपुर के कब्जे से 8.24 ग्राम और समीर निवासी गढ़मीरपुर के कब्जे से 6.78 ग्राम स्मैक बरामद हुई। सीओ ने बताया कि पूछताछ में अब्दुला ने पुलिस को बताया कि उसका भाई परवेज स्मैक उपलब्ध कराता है और वह समीर के साथ मिलकर करीब 300 रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से बेचते हैं। दोनों हरिद्वार की ओर स्मैक बेचने जा रहे थे। बुधवार को दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। फरार सप्लायर परवेज की तलाश की जा रही है।