उदीयमान खिलाड़ियों के लिए तीन अगस्त से ट्रायल शुरू होगा। जो 23 अगस्त तक चलेगा। इसमें खिलाड़ियों का चयन करने के लिए अलग-अलग मापदंड पर खरे उतरने वाले खिलाड़ियों उदीयमान योजना के लिए चयन किया जाएगा। जिसमें जनपदभर के करीब तीन हजार खिलाड़ी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री उदीयमान योजना के तहत मेेधावी खिलाड़ियों का खेल कौशल विकसित किए जाने और उनकी खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की खातिर जनपद के डेढ़ सौ बालक और डेढ़ सौ बालिकाओं का चयन किया जाना है। इन चयनित खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए 1500 रुपये प्रोत्साहन राशि प्रति माह के रूप में दी जानी है। जिससे खिलाड़ी गांवों और शहरों से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी और उत्तराखंड की पहचान बनाने के साथ ही खेलों में अपना कॅरियर भी बना सकें।
खिलाड़ियों का चयन करने के लिए बैटरी टेस्ट, फ्लाइंग रन, स्टैंडिग ब्रौड जंप, फारवर्ड बैंड एंड रिच, शटल रन, बॉल थ्रो, 600 मीटर दौड़ आदि कराई जानी है। जिसके बाद विभिन्न आयु वर्ग में खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा है। ग्राम पंचायत न्याय पंचायत, नगर निकाय के बालक-बालिकाएं चयन प्रक्रिया में शामिल होंगे।
जिला क्रीड़ा अधिकारी आरएस धामी और उप क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि चयन के ट्रायल का पहला स्तर विद्यालय होगा। जिसमें 3 अगस्त से 5 अगस्त तक शारीरिक दक्षता का परीक्षण होगा। दूसरा न्याय पंचायतों, नगर पंचायतों, नगर निगम, नगर पालिका स्तर पर 5 अगस्त से 8 अगस्त तक, तीसरा ब्लॉक स्तर पर 12 अगस्त से 13 अगस्त तक व अंतिम चयन जिला स्तर पर 22 अगस्त से 23 अगस्त तक होगा।