निजी बैंक के खाताधारक से साइबर ठगों ने कोरियर डिलीवरी के नाम पर पांच रुपये ट्रांसफर करवाकर उसके खाते से एक लाख 89 हजार रुपये उड़ा लिए। घटना दिसंबर 2021 की है। पुलिस ने अब मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल को जांच सौंपी है।
रानीपुर कोतवाल रमेश तनवर के मुताबिक मधु सूदन प्रकाश निवासी सेक्टर-1 बीएचईएल ने बताया कि उनकी पत्नी ने एचडीएफसी बैंक की हरिद्वार शाखा में खाता खुलाया। खाते से संबंधित किट कोरियर से 18 दिसंबर को मिलनी थी लेकिन किट नहीं आई। 20 दिसंबर 2021 को गूगल से ब्लू डॉट कोरियर कंपनी का टेलीफोन नंबर ढूंढा और उस पर कॉल किया। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने कहा कि कोरियर डिलीवर होने से पहले पांच रुपये की पेमेंट करनी होगी। पेमेंट होते ही शाम तक कोरियर डिलीवर हो जाएगा।
मधूसूदन के मुताबिक कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने उनको एक लिंक भेजा और उस पर पांच रुपये ट्रांसफर करने के लिए बोला। मधु सूदन का आरोप है कि पांच रुपये ट्रांसफर करते ही उनके खाते से एक लाख 80 हजार रुपये कट गए। कोतवाल रमेश तनवर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच साइबर सेल को भेज दी गई है।