हरिद्वार। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने गंगा बंदी का समय दिवाली के बाद करने की मांग की है। संगठन ने कुंभ निर्माण कार्यों को स्थायी प्रकृति का बनाने पर भी जोर दिया। यह मांग तीन नवंबर को सुभाष घाट पर हुई एक बैठक में उठाई गई। जिला अध्यक्ष विशाल गर्ग ने कहा कि दिवाली के दौरान व्यापार प्रगति पर होता है। इसी समय गंगा बंदी से श्रद्धालुओं को असुविधा होती है और व्यापार भी प्रभावित होता है। उन्होंने गंगा बंदी का समय दिवाली पर्व के बाद करने की बात कही। गर्ग ने कुंभ निर्माण कार्यों को स्थानीय जनता और व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखकर स्थायी बनाने की अपील की। उन्होंने कुंभ मेला प्रशासन से गुणवत्तापूर्ण निर्माण और अधिकारियों द्वारा स्वयं निगरानी की मांग की। विशाल गर्ग ने कहा, अधिकारियों और व्यापारियों के समन्वय से ही धर्मनगरी का विकास संभव है। मा.सि.रि.