- रानीपुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने शुरू की जांच
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के सुमननगर में एक व्यक्ति ने तीन लोगों पर घर में घुसकर लाखों के जेवरात और नकदी लूटने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस को दी गई शिकायत में अनिल कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात वह अपने परिजनों के साथ घर में सो रहे थे। करीब दो बजे छत के रास्ते तीन नकाबपोश बदमाश उनके मकान में दाखिल हुए। तमंचा कनपटी पर सटाकर जान से मारने की धमकी दी। तीनों ने घर के सभी सदस्यों को एक जगह बैठाकर लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। अलमारियों और बिस्तर की तलाशी लेकर कीमती जेवरात और नकदी समेट ली। आरोप लगाया कि बदमाश घर से करीब छह लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 88 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद परिवार किसी तरह संभला और सुबह होते ही सुमननगर चौकी पुलिस को घटना की सूचना दी। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि मामला संदिग्ध है। जांच की जा रही है।