- बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र का मामला, प्राथमिकी दर्ज
बहादराबाद। बहादराबाद क्षेत्र के बढ़ेडी राजपूतान गांव में चोरों ने एक डेयरी से तीन भैंसें चोरी कर लीं। वारदात का पता तब चला जब डेयरी संचालक सुबह दूध निकालने के लिए डेयरी पहुंचा। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, जियाउलहक पुत्र अब्बास निवासी ग्राम बढ़ेडी राजपूतान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव में वह डेयरी का संचालन करते हैं। शनिवार रात करीब 11 बजे वह डेयरी बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब वह दूध निकालने के लिए डेयरी पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो डेयरी में बंधी तीन भैंसें गायब थीं। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए चोरों की तलाश शुरू कर दी है।