मौसम का मिजाज बदले ही चारधाम यात्रा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी है। टैक्सी स्वामियों ने वाहनों का किराया बढ़ा दिया है। वहीं होटलों के लिए भी ऑनलाइन बुकिंग और पूछताछ बढ़ने लगी है।
उत्तराखंड के चारों धामों के कपाट दीपावली के आसपास बंद हो जाएंगे। यात्रा पर बारिश के सीजन का असर पड़ा। यात्रा की शुरुआत में भीड़ उमड़ी। अब बारिश का सीजन खत्म होने को है। यात्रा बंद होने में अभी करीब डेढ़ माह बाकी है। ऐसे में श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए निकलने लगे हैं।
जिला पर्यटन अधिकारी सुरेश यादव ने बताया कि बीते दो दिनों से प्रतिदिन आठ सौ से एक हजार तक यात्री चारधाम के लिए रवाना होने लगे हैं, जबकि बरसात में बहुत कम यात्री ही आर रहे थे। यात्रियों की संख्या अब लगातार बढ़ेगी। इससे वाहन बुकिंग और होटलों कारोबार में तेजी आएगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने से चार सीटर कार का प्रतिदिन का किराया चार हजार तक पहुंच गया है। जबकि बरसात में 2500 रुपये किराए पर कार मिल रही थी। टेंपो ट्रेवलर के दाम भी सात से आठ हजार रुपये रोजाना किराया तक पहुंच गया है।
बारिश का सीजन खत्म होते ही चारधाम यात्रा में एक बार फिर से यात्रियों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। कई प्रदेेशों से होटलों की बुकिंग एडवांस में यात्री करा रहे हैं।
- आशुतोष शर्मा, अध्यक्ष होटल एसोसिएशन