- नगर पालिका क्षेत्र समेत बीएचईएल, सिडकुल, रोशनाबाद व प्रमुख चौराहों पर चरणबद्ध तरीके से लगाए जाएंगे आधुनिक कैमरे
सिडकुल। नगर पालिका क्षेत्र में नागरिकों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शिवालिक नगर स्थित अमृत महोत्सव चौक से आधुनिक सीसीटीवी कैमरा स्थापना कार्य का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने किया। योजना के तहत नगर पालिका क्षेत्र के अलावा बीएचईएल, बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र से भाईचारा तक, सिडकुल, रोशनाबाद, त्रिमूर्ति नगर, घासमंडी व पांवधोई से पुल जटवाड़ा तक प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर चरणबद्ध तरीके से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस परियोजना से अपराध नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आधुनिक तकनीक के माध्यम से नगर क्षेत्र को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं अपराधमुक्त बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। एसएसपी नवनीत भुल्लर ने नगर पालिका की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सीसीटीवी कैमरों के व्यापक नेटवर्क से पुलिस की निगरानी क्षमता बढ़ेगी, संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखी जा सकेगी और अपराधियों पर शीघ्र कार्रवाई में सहायता मिलेगी। इस मौके पर इस अवसर पर सी ओ एस पी बलूनी, कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी, वीरेंद्र अवस्थी, पंकज चौहान, कैलेश भंडारी, हरिओम, बलराम, अनिल आदि मौजूद रहे।