पथरी। हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर विधानसभा क्षेत्र में फसलों के नुकसान का सर्वे कराने व किसानों को नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। विधायक ने पत्र में अवगत कराया है कि विधानसभा क्षेत्र में फेरुपुर, धनपुरा, घिस्सुपुरा, कटारपुर, चांदपुर, बहादुरपुर जट, रानीमाजरा, शाहपुर, बादशाहपुर, नसीरपुर कलां, धारीवाला समेत कई स्थानों पर बारिश के साथ तेज हवा व ओलावृष्टि से सरसों व गेहूं की फसल का काफी नुकसान हुआ है। इससे किसान काफी परेशान हैं। वहीं साधुराम चौहान, सुशील चौहान, धर्मेंद्र चौहान, सोबन सिंह चौहान, आबिद हसन, तबरेज आलम का कहना है कि खेतों में बारिश के साथ तेज हवा व ओलावृष्टि से सरसों व गेहूं की फसल का काफी नुकसान हुआ है। किसानों ने इस संबंध में हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत को अवगत कराया है।