लघु व्यापार एसोसिएशन और मां भागीरथी लघु व्यापार रेड़ी पटरी खोखा एसोसिएशन के बीच वर्चस्व की लड़ाई अब सड़क पर आ गई है। दोनों ही संगठन गंगा घाटों पर चूड़ी-बिंदी, पूजा सामग्री और प्रसाद बेचने वाले स्ट्रीट वेंडरों (लघु व्यापारियों) का नेतृत्व करते हैं। संगठनों के नेता एक-दूसरे पर लघु व्यापारियों को गुमराह कर उत्पीड़न करने का आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। बुधवार को दोनों ही संगठनों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन भी किया।
मां भागीरथी लघु व्यापार रेड़ी पटरी खोखा एसोसिएशन अध्यक्ष मंजुल तोमर का आरोप है कि लघु व्यापार एसोसिएशन के नेता की ओर से एक व्यक्ति से खोखा खाली करवाने के लिए गाली गलौज की। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी वायरल हुआ। आरोप लगाया कि नेता ने अपने रिश्तेदारों के नाम से नगर निगम से खोखे आवंटन कराए हैं। जबकि असली लघु व्यापारियों को कियोस्क नहीं मिल सके हैं। बुधवार को मंजुल तोमर के नेतृत्व में लघु व्यापारियों ने प्रदर्शन कर नगर निगम से कियोस्क आवंटन की निष्पक्षता से जांच कराने की मांग की। उक्त नेता की नगर निगम की टाउन वेंडिंग कमेटी की सदस्यता निरस्त की जाए।
लघु व्यापार एसोसिएशन के व्यापारियों ने भी प्रदर्शन किया। कहा कि मां भागीरथी लघु व्यापार रेड़ी पटरी खोखा एसोसिएशन प्रदेश अध्यक्ष मंजुल तोमर के आरोप झूठे हैं। उनके नेता को बदनाम करने के लिए साजिश की जा रही है। न्यू स्मार्ट वेंडिंग जोन अध्यक्ष मनोज मंडल ने कहा नगर निगम ने 50 रेड़ी पटरी के लघु व्यापारियों को व्यवस्थित किया है। दुकानदार स्वतंत्र रूप से कारोबार कर रहे हैं। वेंडिंग जोन में कोई लघु व्यापारी नगर निगम के नियम शर्तों का उल्लंघन करता है तो निगम प्रशासन कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र है। सचिन राजपूत, जय सिंह बिष्ट के नेतृत्व में व्यापारियों ने मां भागीरथी लघु व्यापार रेड़ी पटरी खोखा एसोसिएशन प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की।